रायपुर : 21 जून को आयोजित होगी नीट (यूजी)-2026 परीक्षा, तैयारियां पूर्ण
-परीक्षा के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था
रायपुर, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) -2026 का आयोजन 21 जून रविवार को देशभर के साथ-साथ रायपुर जिले में भी किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन रायपुर एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए ) द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला नोडल अधिकारी (एनटीए ) एवं सिटी कोऑर्डिनेटर रायपुर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि, जिले में परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
उन्होंने बताया कि, अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं वैध मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच एवं सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केन्द्रों में आवश्यक तकनीकी संसाधन एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नकल अथवा अन्य अनियमित गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। धार्मिक अथवा पारंपरिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे जांच प्रक्रिया हेतु निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुँचें, जिससे सुरक्षा जांच एवं सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।
परीक्षा केन्द्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पर्स, बैग, नोट्स, पुस्तकें एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को एनटीए द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने की सलाह दी गई है। धातुयुक्त बटन, चेन, आभूषण अथवा अन्य धातु सामग्री वाले वस्त्र पहनकर परीक्षा केन्द्र न आने तथा हल्के एवं साधारण वस्त्र पहनने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के सभी वर्गों से विद्यार्थियों को सकारात्मक, शांत एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र पर अंकित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर उनका पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवधानमुक्त रूप से सम्पन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर