पण्डो समुदाय के अरविंद ने नीट में हासिल की सफलता, डॉक्टर बनकर समाज की सेवा का लक्ष्य

 


कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई जारी रख हासिल की उपलब्धि, कलेक्टर ने दी बधाई

बलरामपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। पण्डो समुदाय के छात्र अरविंद कुमार ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच मेहनत व लगन के दम पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे समुदाय में खुशी का माहौल है। अरविंद की सफलता क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं।

अरविंद की सफलता पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने रविवार काे उनसे मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अरविंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कठिन से कठिन परिस्थितियों को पार किया जा सकता है। उन्होंने अरविंद को आगे भी इसी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अरविंद ने बताया कि उनका परिवार कृषि और मजदूरी पर निर्भर है। परिवार में अब तक कोई भी व्यक्ति उच्च शिक्षा के स्तर तक नहीं पहुंच पाया था। ऐसे में वह परिवार के पहले सदस्य हैं, जिन्होंने डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है। नीट में सफलता के बाद अब उनका लक्ष्य चिकित्सा शिक्षा हासिल कर डॉक्टर बनना है।

अरविंद का कहना है कि डॉक्टर बनने के बाद वह केवल अपने परिवार का सपना पूरा नहीं करना चाहते, बल्कि अपने समाज के लोगों के लिए भी काम करना चाहते हैं। उनका लक्ष्य स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देकर पण्डो समुदाय के लोगों को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां लक्ष्य की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। यदि दृढ़ संकल्प के साथ लगातार मेहनत की जाए और सही दिशा में प्रयास किया जाए तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अरविंद की सफलता को समुदाय के युवाओं के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय