कड़ी सुरक्षा में हुई नीट पुनर्परीक्षा, भौतिकी-रसायन के सवालों में उलझे अभ्यर्थी

 


धमतरी, 21 जून (हि.स.)। डाक्टर बनने की पहली सीढ़ी मानी जाने वाली नीट की पुनर्परीक्षा 21 जून को जिले के चार केंद्रों में कड़े सुरक्षा घेरे के बीच आयोजित हुई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मेडिकल शिक्षा में प्रवेश का सपना लेकर परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से लेकर कक्ष तक सघन जांच और सख्त नियमों का पालन कराया गया। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने भौतिकी और रसायन के प्रश्नों को चुनौतीपूर्ण बताया। जिले में पंजीकृत 1176 परीक्षार्थियों में से 1053 ने परीक्षा दी, वहीं 123 अनुपस्थित रहे।

तीन मई को आयोजित नीट परीक्षा रद होने के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्परीक्षा आयोजित की। नीट परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस और बीएससी नर्सिंग जैसे चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। जानकारी के अनुसार नीट प्रश्नपत्र में कुल 180 प्रश्न 720 अंकों के थे। इसमें भौतिकी और रसायन के 45-45 तथा जीव विज्ञान के 90 प्रश्न शामिल थे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए चार अंक निर्धारित थे, वहीं प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक काटे जाने का प्रावधान था। शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय केंद्र से परीक्षा देकर निकले परिक्षार्थियों ने बताया कि भौतिकी और रसायन के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन और समय लेने वाले रहे, वहीं जीव विज्ञान के प्रश्न आसान थे। कुल मिलाकर प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम रहा।

कड़ी जांच के बाद केंद्रों में दिया गया प्रवेश:

प्रवेश से पहले तीन स्तरों पर कड़ी जांच की गई। पहले चरण में केंद्र के कर्मियों ने अभ्यर्थियों की जांच की। दूसरे चरण में पुलिस और एनटीए की टीम ने मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग की। अंतिम चरण में प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का मिलान किया गया। इसके बाद बायोमैट्रिक सत्यापन, पंजीयन और प्रवेश पत्र पर मुहर लगाने की प्रक्रिया पूरी होने पर ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। दोपहर डेढ़ बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक आयोजित हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा