सूरजपुर : एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

 


सूरजपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। सूरजपुर जिले में नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने के लिए आज सोमवार कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और युवाओं को नशे से बचाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाएं।

कलेक्टर ने स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में संचालित गुटखा, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले केंद्रों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटपा अधिनियम के तहत नियमित कार्रवाई, अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सख्ती तथा एनडीपीएस अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में नशामुक्ति को लेकर जनचौपाल, जनजागरूकता अभियान, स्कूलों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा आमजन की भागीदारी से व्यापक अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय