नक्सल मुक्त बस्तर अब योग युक्त बस्तर बनेगा, जन-जन तक पहुंचेगा योग : संजय अग्रवाल
बीजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बीजापुर के एक दिवसीय प्रवास के दौरान आज बुधवार काे आश्रम एवं छात्रावासों के लिए नियुक्त योग प्रशिक्षकों की समीक्षा बैठक लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बस्तर में योग को जनआंदोलन का स्वरूप देकर प्रत्येक व्यक्ति तक इसके लाभ पहुंचाना आयोग की प्राथमिकता है। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में संजय अग्रवाल ने कहा कि नक्सल मुक्त बस्तर अब योग युक्त बस्तर बनेगा। उन्होंने बताया कि बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों के साथ-साथ गर्भवती माताओं को भी प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के माध्यम से नियमित योगाभ्यास कराया जाएगा। योग न केवल स्वस्थ एवं निरोग जीवन का आधार है, बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए सामान्य प्रसव में भी सहायक सिद्ध होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा सत्र से विद्यालयों में योग को अधिक प्रभावी ढंग से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास हो सके। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में योग वाटिकाओं का निर्माण कर प्रत्येक नागरिक को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा। अग्रवाल ने कहा कि बस्तर संभाग को प्राथमिकता देते हुए योग आयोग व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा, जिससे योग को लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सके और स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक समाज का निर्माण हो। इस अवसर पर डॉ मनोज पाणिग्रही राज्य प्रभारी पतंजलि योग समिति, राम मणि शुक्ल जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति रायपुर, ईला हरि राव राज्य कार्यकारी भारत स्वाभिमान न्यास रायपुर प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ राकेश ठाकुर एवं अन्य अतिथिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे