कोरिया : राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 जून को

 

- 34 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

कोरिया, 26 जून (हि.स.)। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 34 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलेभर में 341 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक माता-पिता अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। 28 जून को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर पहुंचकर बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर