कोरबा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, महापौर ने बच्चों को खिलाई एलबेंडाजोल की दवा
कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ सोमवार को शासकीय साडा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा में किया गया। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने बच्चों को एलबेंडाजोल की कृमिनाशक गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 50 लाख 6 हजार 112 बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं निजी स्कूलों, केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, महाविद्यालयों और तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा दी जा रही है। अभियान में जो बच्चे 10 अगस्त को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में कृमि संक्रमण को नियंत्रित करने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार, एनीमिया की रोकथाम, बेहतर बौद्धिक विकास और स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाना है। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली चूरा या पीसकर पानी में मिलाकर चम्मच से दी जाएगी। 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चूरा या पीसकर पानी के साथ दी जाएगी, जबकि 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ खिलाई जाएगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने, नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन और साफ पानी का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है।
महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और अभिभावकों से अपील की है कि 10 अगस्त को दवा लेने से छूट गए बच्चों को 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर एलबेंडाजोल की दवा जरूर खिलाएं और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पदमाकर शिन्दे, डॉ. अतीक सिद्दीकी, विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी