चावल और लाल फूल से भविष्य बताने वाले बाबा पर दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार

 


महासमुंद/रायपुर 10 जून (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में कथा-वाचन, ज्योतिष और भविष्यवाणी के लिए चर्चित रहे स्वयंभू ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री उर्फ ‘चावल वाले बाबा’ को महासमुंद के बागबाहरा पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। बाबा पर एक महिला ने इलाज के बहाने विश्वास में लेकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर बाबा काे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

आज बुधवार काे बागबाहरा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कथित घटना वर्ष 2023 की बताई जा रही है। पीड़िता ने घटना के बाद अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन सामाजिक दबाव, बदनामी के डर और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मामला तत्काल पुलिस तक नहीं पहुंच सका। समय बीतने के बाद पीड़िता ने साहस जुटाया और कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया। इसके बाद पीड़िता ने बागबाहरा थाने में 6 मई को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से शारीरिक पीड़ा (बॉडी पेन) से परेशान थी और उपचार की उम्मीद लेकर बाबा के पास पहुंची थी। इसी दौरान बाबा ने उसकी मजबूरी और विश्वास का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बाबा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत मामला दर्ज किया। मंगलवार 9 जून को बागबाहरा थाना पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और सिलयारी से आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए महासमुंद ले आई।

उल्लेखनीय है कि बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री रायपुर के सिलयारी क्षेत्र का निवासी बताया जाता है। वह ‘चावल वाले बाबा’ और ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध था तथा चावल और लाल फूल के माध्यम से भूत-भविष्य बताने का दावा करता था। ग्रामीण इलाकों में वह धार्मिक कथाएं सुनाने और ज्योतिषीय परामर्श देने के कारण काफी पहचान रखता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल