79 किलोग्राम नारकोटिक्स व 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल जब्त
धमतरी, 15 सितंबर (हि.स.)।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बोराई वन जांच चौकी की टीम ने 10 सितंबर की सुबह नियमित गश्त के दौरान एक बाइक से दो युवकों को पकड़ा। उसके पास से 79 किलोग्राम नारकोटिक्स व 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल जब्त कर कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के बोराई वन जांच चौकी की टीम 10 सितंबर की गश्त के दौरान एक बाइक से दो युवकों को पकड़ा, जो ओड़िशा-नवरंगपुर की ओर से सीतानदी रेंज के कोर एरिया में अनधिकृत रूप से प्रवेश करती पाई गई। उसके पास एक बड़ा बैग था। बिरनासिल्ली वन जांच चौकी पर वैरिकेडिंग की गई, जहां एक बैग बरामद किया गया, जिसमें लगभग 31 किलो संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ तथा एक मोबाइल फोन था। जब्त सामग्री को आगे की जांच एवं कार्रवाई के लिए धमतरी पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि, दोनों संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित फरार हो गए।
जब्त सामग्री एवं डिजिटल साक्ष्यों के प्रारंभिक परीक्षण से संदिग्धों की आवाजाही नबरंगपुर जिले के रायघर क्षेत्र से उत्तर प्रदेश की ओर होने के संकेत मिले। यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि नबरंगपुर क्षेत्र में नारकोटिक्स तस्करी एवं वन्यजीव तस्करी के बीच संभावित संबंधों के संबंध में खुफिया सूचनाएं उपलब्ध थीं। जब्ती तथा नारको वाइल्डलाइफ कान्ट्राबैंड से संबंधित पूर्व खुफिया सूचनाओं के आधार पर 11 सितम्बर को डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस द्वारा ओडिशा के नबरंगपुर जिले के धांध्रा एवं मेंत्री क्षेत्र में एक संयुक्त इंटेलिजेंस-आधारित आपरेशन संचालित किया गया। इस कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध प्रहलाद हरिजन निवासी काशागुड़ा, जिला कोरापुट और बिमल कुमार माझी निवासी मेंत्री, जिला नबरंगपुर को लगभग 48 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक पदार्थ एवं एक स्कूटी के साथ हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है।
टीम ने मलकानगिरी वन प्रभाग एवं सुकमा वन प्रभाग के साथ समन्वय कर मलकानगिरी जिले के गोविंदपल्ली क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया तथा लगभग 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल, तीन मोटरसाइकिल एवं पांच मोबाइल जब्त की गई। तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें रामा कृष्ण गडबा, उम्र 35 वर्ष, पूर्णा भूमिया उम्र 30 वर्ष और ईश्वर भूमिया उम्र 24 वर्ष, कुमा बिसोई उम्र 31 वर्ष, सुशांत खिल्ला उम्र 25 वर्ष और लक्ष्मण सिलपड़िया उम्र 23 वर्ष जिला कोरापुट शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा