नारायणपुर में ईसाई धर्मांतरित तीन परिवारों के 15 लोगों ने अपनाया अपना मूल धर्म
नारायणपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। ग्राम पंचायत करलखा के जिमिदारीन माता मंदिर प्रांगण में आज रविवार को आयोजित विशेष बैठक में गांव के ईसाई धर्मांतरित तीन परिवारों ने अपने मूल धर्म और परंपराओं में घर वापसी की। इस दौरान बसंती आमडे, सुलोचना बघेल और रजमन सलाम सहित कुल 15 लोगों ने विधि-विधान के साथ अपने मूल धर्म को पुनः स्वीकार किया।
मिली जानकारी के अनुसार इन परिवारों ने कुछ समय पूर्व ईसाई धर्म अपनाया था। बैठक में पटेल और गायता के समक्ष उन्होंने अपनी इच्छा से गांव की परंपराओं और रीति-रिवाजों को पुनः अपनाने का संकल्प लिया। गांव के वरिष्ठजनों और ग्रामीणों ने इन धर्मांतरित परिवारों का स्वागत किया। गांव के जिमिदारीन माता मंदिर परिसर में पारंपरिक विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया, जिसके बाद परिवारों ने अपने मूल धर्म में घर वापसी की। ग्रामीणों ने इस अवसर पर गांव की सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति को बनाए रखने की बात कही। कार्यक्रम के बाद गांव में हर्ष का माहौल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे