नैनो डीएपी-यूरिया विदेशी नहीं बल्कि भारत का उत्पाद है : वैभव पांडे
जगदलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित रायपुर एवं बस्तर जिला सहकारी संघ मर्यादित जगदलपुर व क्षेत्रीय कार्यालय ईफको के संयुक्त तत्वावधान में सहकारी शिक्षा योजना अंतर्गत नवगठित लेंपस चोकर लेंपस के आश्रित ग्राम पंचायत भवन में सहकारी एवं कृषक बंधुओं का सहकारी शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार काे संपन्न किया गया ।
इफको के क्षेत्रीय अधिकारी लाल बहादुर सिंह एवं सहायक फील्ड अस्सिटेंट वैभव पांडे द्वारा इफको के विषय में विस्तार से बताते हुए नैनो यूरिया नैनो डीएपी एवं कनसुटिया जैसे जैविक उत्पादन के विक्रय एवं प्रयोग विधि की जानकारी दी गई। उन्हाेंने बताया कि नैनो डीएपी-यूरिया विदेश का नहीं बल्कि भारत का उत्पाद है। इसकी मदद से वर्ष 2047 के पहले जैविक खेती के लिए किसान अपने आप को तैयार कर अपनी मृदा को भी उसके अनुरूप तैयार कर सके।
प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के जिला सहकारी शिक्षा प्रशिक्षक विवेक पांडे के द्वारा सहकारिता के अर्थ महत्व सिद्धांत के साथ-साथ नवगठित लेंपस चोकर के सदस्यों को लेंपस के द्वारा प्रदत सेवाएं विशेष कर वित्तीय सेवा विपणन व प्रक्रिया सेवा, उपभोक्ता सेवा, एवं उत्पादन वृद्धि में सहायक विषय पर विस्तार से अवगत करवाया। उन्हाेने सहकार से समृद्धि हेतु लेंपस संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृषक बंधुओं को किसान क्रेडिट कार्ड अंतर्गत फसल ऋण के साथ-साथ गोपालन बकरी पालन, मछली पालन के लिए भी लेंपस से ऋण प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण वर्ग को लेंपस के प्रबंधक गौतम तिवारी के द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड अंतर्गत ऋण सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए लेंपस के सदस्य बनने हेतु प्रेरित किया गया। वहीं चोकर पंचायत के उप सरपंच दिनेश नाग के कहा कि प्रशिक्षण किसानों के लिए बहुत ही लाभप्रद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे