सफाई मित्रों और कामगारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहा नगर निगम कोरबा

 


कोरबा, 7 सितंबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, सीवर लाइन और सेप्टिक टैंक की सफाई में लगे कामगारों को बेहतर कार्य वातावरण और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कर्मचारियों को सुरक्षात्मक कार्य का प्रशिक्षण देने के साथ आवश्यक सुरक्षा उपकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।

निगम के अधिकारियों ने आज जानकारी दी कि

नगर निगम के 18 एसएलआरएम सेंटरों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मैन्युअल रिक्शों की जगह ई-रिक्शे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी दिए जा रहे हैं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था के अलावा श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रियायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया गया है।

‘नमस्ते’ योजना में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम

भारत सरकार की ‘नमस्ते’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने संयुक्त रूप से देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि में प्रदेश के नगरीय निकायों के साथ नगर निगम कोरबा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। योजना के तहत सीवर लाइन और सेप्टिक टैंक की सफाई में लगे सफाई मित्रों को आधुनिक मशीनें और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। अब सफाई कार्य सीवर रोडिंग मशीन, सीवर सेक्शन मशीन सहित अन्य उपकरणों के माध्यम से कराया जा रहा है।

कामगारों को पीपीई किट और प्रशिक्षण

नगर निगम द्वारा सफाई कार्य से जुड़े कामगारों को चिन्हित कर पीपीई किट प्रदान किए गए हैं। इनमें हेलमेट, गमबूट, फुल हार्नेस ड्रेस, मास्क, ग्लव्स, रिफ्लेक्टर जैकेट और एप्रोन सहित अन्य सुरक्षा सामग्री शामिल है। सीवर लाइन और सेप्टिक टैंक की सफाई सुरक्षित तरीके से करने के लिए विषय विशेषज्ञों के माध्यम से समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

सरकारी योजनाओं का दिलाया जा रहा लाभ

सफाई कार्य से जुड़े कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रियायती दर पर आवास उपलब्ध कराने के लिए भी आवेदन भरवाए गए हैं। कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही उनके बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही है।

नगर निगम का उद्देश्य सफाई मित्रों और कामगारों को सुरक्षित कार्य वातावरण के साथ सामाजिक सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी