मुजगहन स्कूल परिसर में भरा पानी, नहीं खुला स्कूल का ताला

 




सीबी से पानी निकालने का प्रयास

धमतरी, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर से लगे ग्राम पंचायत मुजगहन के

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

स्कूल परिसर में पानी भरे होने के कारण सोमवार को स्कूल का ताला तक नहीं

खुल सका और विद्यार्थियों की कक्षाएं नहीं लग पाईं। स्थिति को देखते हुए

स्कूल में छुट्टी करनी पड़ी।

विद्यालय में मुजगहन के अलावा लोहरसी और

रत्नाबांधा से भी विद्यार्थी पढ़ने के लिए पहुंचते हैं। यहां

छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या 214 है। लगातार बारिश के कारण स्कूल परिसर

में पानी भरने की समस्या वैसे तो हर वर्ष सामने आती है, लेकिन इस बार दो

दिनों तक हुई लगातार बारिश के साथ एसटीपी प्लांट के लिए बिछाई गई पाइपलाइन

के चेंबर से पानी आने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। बताया गया कि जल

शुद्धिकरण के लिए एसटीपी प्लांट तक पाइप बिछाई गई है। स्कूल परिसर के पास

बनाए गए चेंबर को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, जिसके नीचे से भी पानी

ऊपर की ओर आ रहा है। इसके अलावा गांव और आसपास के हिस्सों से आने वाला

बरसाती पानी भी स्कूल परिसर में जमा हो रहा है। पानी की निकासी की पर्याप्त

व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर से पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है।

सोमवार को स्कूल में पानी भरा होने की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत सरपंच

होमेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसर का निरीक्षण किया।

इसके बाद

पंचायत की ओर से जेसीबी मंगाकर वैकल्पिक निकासी व्यवस्था बनाने का काम शुरू

कराया गया। जमीन के नीचे बिछाए गए कुछ पाइपों को हटाने के बाद पानी की

निकासी शुरू हुई, हालांकि दोपहर तक भी परिसर पूरी तरह पानी से खाली नहीं हो

सका था। स्कूल परिसर ढलान वाली जमीन पर बना होने के कारण बारिश के दिनों

में यहां जलजमाव की समस्या रहती है। सामान्य स्थिति में दिनभर में पानी

निकल जाता है, लेकिन इस बार लगातार बारिश और एसटीपी चेंबर से आ रहे पानी के

कारण निकासी प्रभावित हो गई। पानी भरे होने के कारण स्कूल भवन तक पहुंचना

भी मुश्किल रहा। अभिभावक जोहतराम, पवन साहू और दिवाकर सेन ने कहा कि स्कूल

परिसर में हर साल बारिश के दौरान पानी भर जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई

प्रभावित होती है। प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए

गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

प्राचार्य मोनिका गोस्वामी ने बताया कि स्कूल

परिसर में पानी भरा होने के कारण सोमवार को बच्चों की कक्षाएं नहीं लग

सकीं। इसकी सूचना शिक्षा विभाग को दे दी गई है। ग्राम पंचायत की ओर से

जेसीबी लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सरपंच होमेश्वर साहू

ने कहा कि निकासी व्यवस्था बेहतर नहीं होने के कारण यह स्थिति बन रही है।

पूर्व में भी प्रशासन को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि

प्रशासन का पुनः ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा, ताकि स्कूल परिसर में जलजमाव

की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और बारिश के दौरान विद्यार्थियों की

पढ़ाई प्रभावित न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा