सक्ती : मुस्कान बस ने माेटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर, तीन लोगों की मौके पर मौत

 


जांजगीर चांपा/सक्ती, 22 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में माेटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां रायपुर से डभरा की ओर आ रही मुस्कान बस ने माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माेटरसाइकिल सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55), और शेतकुमार पटेल (62), निवासी दर्री के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही माेटरसाइकिल पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन करने जा रहे थे। इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मुस्कान बस ने उनकी माेटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT