जिले मे चलेगा हर घर मुनगा,घर-घर मुनगा अभियान, आठ लाख पौधे रोपने का लक्ष्य

 


बलौदाबाजार, 4 अक्टूबर (हि. स.) । सुपोषण ट्री मुनगा की पौष्टिकता को देखते हुए इसे प्रतिदिन आहार मे शामिल करने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले मे हर घर मुनगा,घर -घर मुनगा अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के तहत जिले मे लगभग 8 लाख मुनगा पौधे लगाने का लक्ष्य जिला प्रशासन द्वारा तय किया गया है। जिले मे अभियान की बेहतर क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को अभियान से जुड़े विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारी की समीक्षा की।

कलेक्टर ने कहा कि, मुनगा मे प्राकृतिक पोषण एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के भण्डार होने के कारण कुपोषण,एनीमिया एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को दूर करने का सबसे सस्ता व सुलभ उपाय है।शासन के निर्देशानुसार मुनगा को प्रतिदिन आहार का हिस्सा बनाने तथा मुनगा पौधा लगाने लोगों को जागरूक करें। इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरुप दें।उन्होंने वन औऱ उद्यानिकी विभाग को 4-4 लाख मुनगा पौधे अगले 2 माह मे तैयार करने के निर्देश दिये ताकि आगामी फ़रवरी औऱ मार्च महीने मे इसे रोपा जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान अंतर्गत प्रति आंगनबाड़ी केन्द्र 5 पौधे, सभी स्कूल, छात्रावास मे प्रति संस्था 20 पौधे, प्रति स्वास्थ्य केंद्र मे 10 पौधे जिले के प्रत्येक परिवार मे 2 पौधे, नगरीय निकाय के सार्वजनिक क्षेत्रों मे स्थान उपलब्धता के अनुसार मुनगा पौधा लगाया जाए।

अभियान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के द्वारा मुनगा पौधे के रोपण एवं उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिये सुपोषण चौपाल के दौरान हितग्राहियों विशेषकर महिलाओं एवं परिवारों से चर्चा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 13 सितम्बर 2026 को प्रदेश मे हर घर मुनगा घर -घर मुनगा अभियान की शुरुआत की है।इस अभियान के नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर