सांसद बृजमाेहन अग्रवाल ने किया ‘महतारी सदन’ और ‘महिला योग भवन’ का लोकार्पण

 


रायपुर 14 जून (हि.स.)। राजधानी रायपुर के रायपुरा स्थित विप्र नगर में आज रविवार को विकास, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की पहल पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘महतारी सदन’ तथा ‘महिला योग भवन व जुंबा सेंटर’ का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। इस अवसर पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला समूह और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।

इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘महतारी सदन’ है। यहां आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्ले स्कूल एवं डे-केयर सेंटर की व्यवस्था की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य ऐसे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो संसाधनों के अभाव में महंगे निजी संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। यहां बच्चों को खेल-आधारित शिक्षण, बौद्धिक विकास और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार हो सके।

वहीं, 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर’ महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को समर्पित है। इसे प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त शासकीय फिटनेस परिसर बताया जा रहा है। यहां महिलाओं को योग, जुंबा, फिटनेस प्रशिक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें सुरक्षित एवं आधुनिक फिटनेस प्लेटफॉर्म प्रदान करना है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों और महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाता है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। रायपुर पश्चिम में तैयार की गई यह परियोजना इसी सोच का परिणाम है।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल सड़क, भवन और अन्य अधोसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी सुविधाएं विकसित करना है जो सीधे आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को आर्थिक अभाव के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसी प्रकार महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक योग एवं जुंबा सेंटर की स्थापना की गई है।

कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के दौरान क्षेत्र के हजारों नागरिकों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

रायपुर पश्चिम में शुरू हुई यह नई पहल न केवल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन का माध्यम बनेगी, बल्कि जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल के रूप में भी एक नई पहचान स्थापित करेगी। यह परियोजना क्षेत्र में सामाजिक समावेशन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल