समाज और राष्ट्र की समृद्धि का मूल आधार है मातृ शक्ति : पंडित राजेश शर्मा
धमतरी, 10 मई (हि.स.)। मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के धनकेशरी मंगल भवन में नारी शक्ति वंदन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाजसेवी एवं भाजपा नेता पंडित राजेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 151 महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा जिला संगठन प्रभारी डा किरण बघेल ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं बल्कि प्रेम, त्याग और समर्पण का जीवंत स्वरूप है। मां जीवन की पहली गुरु होती है, जो अपने संस्कारों और मार्गदर्शन से बच्चे को आगे बढ़ने की दिशा देती है। इस समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, राजनीति, प्रशासन और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। राजेश शर्मा ने कहा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं बल्कि हर व्यक्ति के व्यक्तित्व और संस्कारों की आधारशिला होती है।
मातृ शक्ति ही परिवार, समाज और राष्ट्र की समृद्धि का मूल आधार है। मां के बिना न संस्कारों की कल्पना संभव है और न ही सशक्त समाज की। दिव्यांग गायत्री साहू ने कहा कि यह उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है। उन्हें परिवार जैसा स्नेह और सम्मान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कुरुद की अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, नगर पंचायत भखारा अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, नगर निगम धमतरी स्पीकर कौशल्या देवांगन, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, सभापति हिमानी साहू, डीपीएम डा. प्रिया कंवर, डा रागिनी ठाकुर, प्राप्ति वासानी, प्रीति चांडक, प्रीति शांडिल्य सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा