धमतरी : कांटातालाब में बनेगी आधुनिक चौपाटी, आयुक्त ने देखी व्यवस्था

 


धमतरी, 28 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, जल निकासी, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत कांटातालाब से हुई, जहां चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन करते हुए आयुक्त ने कार्यों को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांटातालाब धमतरी की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसे आधुनिक स्वरूप देकर आकर्षक पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही इसे शहर के मुख्य मार्ग से बेहतर ढंग से जोड़ने और यहां एक आधुनिक चौपाटी विकसित करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित चौपाटी में हरित क्षेत्र, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, मनोरंजन के साधन और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह शहर की नई पहचान बन सके। इसके बाद आयुक्त ने जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव पर गंभीर चिंता जताई और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अस्पताल के समीप स्थित बैडमिंटन मैदान का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नियमित साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। गौरव पथ और विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग के निरीक्षण के दौरान सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आवारा मवेशियों के कारण यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, इसलिए इस अभियान को लगातार प्रभावी ढंग से चलाया जाए। विंध्यवासिनी मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने तथा समग्र विकास के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इस योजना में आकर्षक प्रवेश द्वार, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्किंग, पेयजल, बैठने की सुविधा और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को शामिल करने की बात कही गई, ताकि यह स्थल भविष्य में प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर के प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जल निकासी, यातायात सुधार और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निगम के अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त पीसी सार्वा, कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा