धमतरी : नीट परीक्षा से पहले माकड्रिल, 21 को होगी चार केंद्रों में परीक्षा
धमतरी , 19 जून (हि.स.)। नीट (नेशनल इलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट) के पेपर पूर्व में लीक होने के बाद अब आगामी परीक्षा को लेकर शासन-प्रशासन काफी गंभीर नजर आ रहा है। परीक्षा के दो दिन पहले जिले में नीट परीक्षा कड़ाई से लेने के लिए शहर के कुछ सेंटरों में माकड्रिल किया गया, ताकि 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा में किसी तरह गड़बड़ी न हो। माकड्रिल में शुरू से लेकर अंत तक की प्रक्रिया अपनाई गई, ताकि सफलतापूर्वक परीक्षा ली जा सके।
तीन मई 2026 को पूर्व में जिले के निर्धारित केंद्रों में नीट यूजी की परीक्षा आयोजित हुई थी, लेकिन प्रश्न पत्र के लीक होने की वजह से यह परीक्षा शासन स्तर से रद्द कर दिया गया था। इसके बाद से नीट परीक्षा की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन व कई आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए थे, ऐसे में अब पुनः नीट की परीक्षा 21 जून को ली जाएगी। इस परीक्षा के लिए धमतरी जिले में चार सेंटर बीसीएस पीजी कालेज, एनआरएलएम गर्ल्स कालेज,शिव सिंह वर्मा कन्या स्कूल और पालिटेक्निक कालेज को केंद्र बनाए गए है। जिसमें जिलेभर के बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नीट परीक्षा होने के दो दिन पहले 19 जून को दोपहर धमतरी शहर में संचालित शिव सिंह वर्मा स्कूल में नीट परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए मार्कड्रिल किया गया ताकि तैयारी देखी जा सके। आयोजित माकडि्रल में नीट परीक्षा के दिन होने वाली पूरी प्रकि्रया अपनाई गई, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की भूल न हो और परीक्षा बेहतर ढंग से हो सके। सिटी कोआर्डिनेटर एमके विद्यार्थी ने बताया कि नीट परीक्षा के लिए चार जगह केंद्र बनाए गए हैं। शहर के पीजी कालेज में 480, गर्ल्स कालेज में 240, शिवसिंह वर्मा शासकीय उमावि में 240 और पालिटेक्निक कालेज में 216 विद्यार्थियों का पंजीयन है। परीक्षा आयोजित कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। विद्यार्थियों को निर्धारित समय में केंद्र में पहुंचना होगा।
माकड्रिल के बाद प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि नीट परीक्षा देने वाले सभी परीक्षार्थियों को चार चरणों से गुजरना होगा। मुख्य प्रवेश द्वार होता है, जहां पर शिक्षकों द्वारा एडमिट कार्ड के अलावा अन्य चीजों की जांच की जाती है। कान में कोई बाली व सिर में परीक्षा को लेकर जारी प्रतिबंधित चीजें नहीं होना चाहिए। इलेक्ट्रानिक डिवाइस पूर्णत प्रतिबंधित है। परीक्षार्थियों को लोअर व टी-शर्ट में आना होगा। जूता की बजाय स्लीपर पहन कर ही आना पड़ेगा। दूसरे चरण में लड़के और लड़कियों के लिए फ्रीस्किंग जांच होती है, जहां पर मेथड डिटेक्टर से पूरी तरह से फिर से जांच किया जाएगा। तीसरे चरण में बायोमेट्रिक काउंटर होगा, जहां पर विद्यार्थियों को उपस्थिति दर्ज करना होगा। संपूर्ण प्रक्रिया होने के बाद उनके एडमिट कार्ड में एक होलोग्राम स्टीकर चिपकाया जाएगा। यह प्रक्रिया सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 तक होगी। इसके बाद दो बजे से परीक्षा प्रारंभ होगी, जो 5:15 बजे तक जारी रहेगी। इस बार 15 मिनट का समय अतिरिक्त दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा