20 तक का लक्ष्य, लोधी के बच्चे सुना रहे 30 तक पहाड़ा, मिशन आचार्य का दिखा असर

 


बलरामपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए 20 तक पहाड़ा याद करने का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन शंकरगढ़ विकासखंड की प्राथमिक शाला लोधी के विद्यार्थी इससे आगे निकल गए हैं। आज शनिवार काे विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने 28 तक और कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने 30 तक पहाड़ा सुनाकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रभावित किया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी इस्माइल खान के निरीक्षण के दौरान कक्षा चौथी की साक्षी, शांति, आर्या और आर्यन ने 28 का पहाड़ा सुनाया। वहीं कक्षा पांचवीं की आकांक्षा, अंशु और संजना ने 30 तक पहाड़ा सुनाकर अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया। बच्चों की इस उपलब्धि पर बीईओ ने उन्हें शाबाशी दी और शिक्षकों का भी उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की पहल पर जिले में संचालित मिशन आचार्य अभियान के सकारात्मक परिणाम के रूप में सामने आई है। अभियान के तहत कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों को 20 तक और कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों को 25 तक पहाड़ा याद कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा विज्ञान और गणित कॉर्नर के माध्यम से गतिविधि आधारित शिक्षण और बच्चों से प्रतिदिन रचनात्मक लेखन कराया जा रहा है।

अभियान में बच्चों की पढ़ने की आदत विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर बनाए गए हैं, जहां उम्र के अनुरूप रोचक किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। ‘बलरामपुर पढ़ेगा हर दिन 20 मिनट’ अभियान के तहत बच्चे प्रतिदिन 20 मिनट पुस्तक वाचन करते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नियमित पुस्तक वाचन से बच्चों में धाराप्रवाह पढ़ने, पढ़ी हुई सामग्री को समझने और उसे अपने शब्दों में बताने की क्षमता विकसित हो रही है। उनकी शब्दावली और आत्मविश्वास में भी सुधार देखा जा रहा है। इसका लाभ दूसरे विषयों की पढ़ाई में भी मिल रहा है।

मिशन आचार्य के तहत जिले के विद्यालयों में संचालित गतिविधियों से बच्चों के पठन-लेखन कौशल, रचनात्मकता और गणितीय समझ को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षक भी नई गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और ज्ञान को निखारने में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय