कोरबा में नहर में उतराती मिली लापता युवक की लाश, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
कोरबा, 30 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सायफन नहर पुल के पास पानी में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान इमली डुग्गू निवासी सतीश रजक के रूप में हुई है। युवक मंगलवार शाम से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार, सतीश रजक मंगलवार की शाम बिना किसी को बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच आज सुबह राहगीरों ने सायफन नहर पुल के पास पानी में एक शव उतराते हुए देखा। इसकी सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान सतीश रजक के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव नहर तक कैसे पहुंचा, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। वहीं, तीन दिन से लापता युवक का शव मिलने से परिजनों में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी