जांजगीर-चांपा: पंतोरा की पहाड़ी में लापता महिला का मिला शव, प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की आशंका
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर (हि. स.)। जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र में लापता 30 वर्षीय महिला का शव गुरुवार सुबह तिलसा रवार पहाड़ी से बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपित की पहचान कर ली है, जो जहर सेवन करने के बाद कोरबा अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अंगारखार निवासी महिला 22 नवंबर 2026 से लापता थी। 24 नवंबर को परिजनों की सूचना पर चौकी पंतोरा में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही थी।
आज सुबह से ही पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच और पूछताछ में सामने आया कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद की परिस्थितियों को लेकर पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस ) की धारा 103(1) जोड़ दी है। संदिग्ध आरोपित की पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा है कि आरोपित ने जहर सेवन कर लिया है और वर्तमान में कोरबा अस्पताल में उसका उपचार जारी है। उसके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
फिलहाल जांजगीर-चांपा पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT