भ्रामक व एडिट वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित, दो आरोपित गिरफ्तार

 


धमतरी, 18 अगस्त (हि.स.)। भ्रामक एवं एडिट वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपितों ने भाजपा के झंडे वाले वीडियो को एडिट कर तिरंगे के अपमान से जोड़कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा झंडा फहराने से संबंधित मूल वीडियो को एडिट कर उसे भ्रामक स्वरूप में सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार्रवाई की है।

थाना में रिपोर्ट के अनुसार, 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया था। इस वीडियो को एडिट कर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी में तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल जैसे भ्रामक संदेश एवं तिरंगे के प्रतीक के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया था। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों से सामने आई एडिटिंग एवं अपलोड की प्रक्रिया विवेचना के दौरान आरोपितों को नोटिस देकर पूछताछ की गई। आरोपितों के मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन एवं पंचनामा तैयार किया गया। अवलोकन के दौरान विभिन्न इंटरनेट मीडिया एवं वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन पाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने मूल वीडियो को डाउनलोड कर एक एप के माध्यम से एडिट किया। उसमें भ्रामक शीर्षक एवं तिरंगे का प्रतीक जोड़कर वीडियो तैयार किया गया। इसके बाद इस एडिटेड वीडियो को इंस्टाग्राम व फेसबुक पर अपलोड किया गया। आरोपितों द्वारा बाद में वीडियो डिलीट किया जाना बताया गया। इस संबंध में पुलिस ने कई तथ्य साक्ष्य के रूप में आवश्यक स्क्रीनशाट एवं डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए है।

आरोपित राकेश निराला के मोबाइल की जांच में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने संबंधी फोटो भी पाए गए, इसका स्क्रीनशाट लेकर पंचनामा तैयार किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों के मोबाइल जब्त कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपितों में भुनेश्वर निराला 25 वर्ष निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ और राकेश निराला उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल है। दोनों आरोपितों को 18 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा