नहाते समय महानदी मुख्य नहर में बहा उत्तर प्रदेश का नाबालिग लड़का
धमतरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। महानदी मुख्य नहर में नहाते समय उत्तर प्रदेश का एक नाबालिग लड़का पानी के तेज बहाव में चले जाने से वह डूबकर बह गया। घटना की खबर के बाद पुलिस व गोताखोरों की टीम उन्हें घंटों ढूंढा, लेकिन देर रात तक नहीं मिला। इधर घटना के बाद लड़का के साथ नहाने के लिए पहुंचे अन्य युवक व नाबालिग वहां से भाग निकले। वहीं एक दिन पहले ही यहां शहर के एक युवक की पानी में डूबने से मौत हुई है, वह भी दोस्तों के साथ नहाने गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला से करीब 10 से अधिक युवक व कुछ नाबालिग लड़के धमतरी पहुंचे हैं, जो फेरी लगाकर कार्य करते हैं। वर्तमान में शहर के अंबेडकर चौक के पास निवासरत है। शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े 10 बजे इनमें से कुछ युवा महानदी मुख्य नहर रूद्री में नहाने के लिए आटो में सवार होकर गए थे। कुछ लोग यहां नहा रहे थे, तभी समीर हसन 16 वर्ष महानदी मुख्य नहर के पानी के तेज बहाव में चला गया और पानी में डूबकर बह गया। उसे पानी में बहता देखकर कुछ युवक वहां से भाग निकले, जबकि कुछ ने घटना की जानकारी रूद्री पुलिस में दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची साथ ही कुछ ही समय बाद गोताखोरों की टीम वहां पहुंची और पानी में बहे नाबालिग लड़के को ढूंढने में जुट गई है।
टीम के सदस्यों ने महानदी में उन्हें घंटों ढूंढा, लेकिन कहीं भी नाबालिग समीर हसन का पता नहीं चल पाया है। मौके पर सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी व डीएसपी भानुप्रताप भी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पानी में बहे नाबालिग के साथ कुल नौ लोग नहाने के लिए पहुंचे थे, जिसमें फैजान अंसारी 19 वर्ष, अरमान अली 17 वर्ष, सिरोजखान 14 वर्ष, समीर 18 वर्ष, गुल हसन 22 वर्ष और अन्य शामिल है।
इस संबंध में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि सभी उत्तरप्रदेश से पहुंचे घुमंतू फेरीवाले हैं। पानी में बहे नाबालिग लड़का की गोताखोरों द्वारा तलाश की जा रही है। पानी कम करने के लिए सिंचाई विभाग को कहा गया है, धीरे-धीरे पानी कम किया जाएगा। बच्चों से अपील की गई है कि पानी के तेज बहाव में न जाए। नहाने के लिए नहर न पहुंचे। नहर किनारे पेट्रोलिंग करने कहा गया है। बताया जा रहा है कि नहर में 3500 क्यूसेक निस्तारी पानी छोड़ा जा रहा है, ऐसे में पानी का बहाव महानदी मुख्य नहर में तेज है। जानकारी के अनुसार आठ अप्रैल को भी धमतरी जोधापुर से कुछ युवक महानदी मुख्य नहर में नहाने के लिए गए थे, जिसमें से विशाल कोसले नामक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा