केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता का निधन, सीएम साय ने जताया शोक
मंत्री शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द
रायपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का आज 76 साल की उम्र में निधन हो गया। इसके साथ ही उनका आज छत्तीसगढ़ का दौरा रद्द हो गया है। केंद्रीय मंत्री की माता के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक जताते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार, शिवराज सिंह की माता का भोपाल एम्स में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। आज दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार ग्राम जैत, सीहोर में होगा। इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री साय ने शोक जताते हुए अपनी गहरी संवेदनाएँ शिवराज सिंह एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के प्रति व्यक्त की।
मुख्यमंत्री साय ने ट्वीट कर लिखा कि माँ का स्नेह और आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ शिवराज जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ है। बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल