जांजगीर-चांपा में प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने ली समीक्षा बैठक, विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त (हि. स.)। जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि जिलेवासियों को इनका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिलास्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
ओपी चौधरी ने जिले में चल रही बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही बारिश से सड़कों में हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा, ताकि आवागमन में लोगों को परेशानी न हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास और निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लाभ दिलाने कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए ओपी चौधरी ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में फल और सब्जियों के उत्पादन की जानकारी ली तथा किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में जिले में खाद और बीज के भंडारण एवं उपलब्धता की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-ऑफिस और ई-अटेंडेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ओपी चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके और जिले में विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT