बड़े सपने देखें, लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी लगन से आगे बढ़ें: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

 




रायगढ़ से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने वित्त मंत्री से की आत्मीय मुलाकात

वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से किया संवाद, अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा कर दी सफलता की प्रेरणा

रायपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज शुक्रवार काे रायगढ़ जिले से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे छात्र-छात्राओं से अपने रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, करियर, भविष्य की संभावनाओं और जीवन में सफलता प्राप्त करने के विभिन्न पहलुओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

रायगढ़ जिले से आए छात्र-छात्राओं ने रायपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कर वहां की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन की सुविधाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री श्री चौधरी से उनके रायपुर निवास पर मुलाकात की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उनके निवास का भी भ्रमण किया। वित्त मंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ से आए बच्चों से मिलकर उन्हें अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन के दिनों की स्मृतियां ताजा हो गईं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। परिस्थितियां कैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प हो, तो सफलता की राह बनाई जा सकती है।

श्री चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान अर्जित ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और अनुभव जीवनभर काम आते हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी जिज्ञासा बनाए रखने, नई चीजें सीखने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार रायगढ़ सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और विकास के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव का दायरा बढ़ाने के साथ उन्हें नई संभावनाओं से परिचित कराती हैं। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को नजदीक से देखने और वहां की व्यवस्थाओं को समझने से विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा तथा अपने भविष्य को लेकर नई सोच विकसित होती है।

वित्त मंत्री चौधरी ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ के ये विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेंगे तथा अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल