मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट हैक, साइबर थाने में शिकायत दर्ज; संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहने की अपील
सूरजपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में उनके नाम से जारी सूचना में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। सूचना के मुताबिक, अकाउंट से यदि किसी को पैसे मांगने का संदेश या कोई संदिग्ध लिंक प्राप्त होता है, तो उस पर भरोसा न करें और न ही किसी लिंक पर क्लिक करें।
जारी सूचना में बताया गया है कि इस मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि मंत्री के व्हाट्सएप अकाउंट से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश की पुष्टि किए बिना पैसे न भेजें। ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतने और इस सूचना को अन्य लोगों तक पहुंचाने का भी अनुरोध किया गया है।
साइबर ठगी के मामलों में परिचित या सार्वजनिक हस्तियों के नाम और अकाउंट का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन करने से पहले संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे विश्वसनीय माध्यम से पुष्टि करना जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय