प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जिलास्तरीय बस्तर ओलंपिक का किया शुभारंभ

 


दंतेवाडा, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आज रविवार काे हाईस्कूल खेल मैदान दंतेवाड़ा में शुभारंभ हुआ। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने तीरंदाजी एवं बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ को दिखाकर खेल प्रतियोगिताओं का आगाज किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्हाेने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुशासन, एकता, सहयोग, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जीवन में सफलता के लिए खेल, शिक्षा और शारीरिक स्वास्थ्य का समान महत्व है। युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बस्तर में बदलते परिवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि शांति एवं सुरक्षा के बेहतर वातावरण से युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुल रही हैं। खेल प्रतिभाओं को निखारने और बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीएमएफ तथा सीएसआर के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में बस्तर ओलंपिक के आयोजन एवं सहभागिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जिले से कुल 80,175 प्रतिभागियों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 28,373 पुरुष एवं 51,802 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में वास्तविक रूप से 18,551 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 9,251 पुरुष एवं 9,300 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों की लगभग समान सहभागिता जिले में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और जागरूकता को दर्शाती है। इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजिक की जा रही हैं। 1 से 4 नवंबर तक आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों सहित कुल 1,058 खिलाड़ी जिला स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे