मंत्री केदार कश्यप का काफिला हुआ दुर्घटनाग्रस्त, मंत्री के पीए व चालक सहित छह घायल

 


कोंडागांव, 23 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के जुनवानी थाना क्षेत्र में मंत्री केदार कश्यप का काफिला दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, मंत्री केदार कश्यप को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, वे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। इस सड़क हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें मंत्री के पीए और ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।

घायलाें में मंत्री के पीए. अनुराग शर्मा, चालक सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम, म.प्र.आरक्षक सुगंतिन उसेंडी, महिला आरक्षक त्रिलोतमा मदरू, एवं आरक्षक नर्मदा मरकाम शामिल हैं। गंभीर रूप से चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। इस दाैरान मंत्री केदार कश्यप माैके पर ही माैजूद रहकर घायलाें के उपचार की व्यवस्था देखते रहे।

मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार दोपहर जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर उनके फॉलो वाहन से जा भिड़ी। घायलों को पहले कोंडागांव जिला अस्पताल लाया गया, जहां से 4 गंभीर घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनाें को सड़क से हटवाया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार पुलिस जवानों को चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। कोंडागांव पुलिस हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कर रही है। साथ ही स्कॉर्पियो चालक और हादसे से जुड़ी दूसरी जानकारी जुटाई जा रही है।

कोंडागांव के सीएमएचओ आरके चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम को अलर्ट कर दिया गया था,सभी घायलों का इलाज किया गया। घायलों में दो का यहां इलाज जारी है, जबकि 4 घायलों को रेफर कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे