कोरबा : मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 93.18 प्रतिशत पहुंचा, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 20,613 क्यूसेक पानी

 


कोरबा, 25 अगस्त (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। आज मंगलवार को सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 358.52 मीटर दर्ज किया गया, जो कुल क्षमता का 93.18 प्रतिशत है। बांध में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए बांध के पांच रेडियल गेट खोल दिए हैं।

विभाग के अनुसार सोमवार शाम 4:30 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक बांध में 41,087 क्यूसेक पानी की आवक हुई। इसके बाद मुख्य अभियंता, बिलासपुर तथा अधीक्षण अभियंता, कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद बांध के गेट क्रमांक 4 को 0.20 मीटर, गेट क्रमांक 5 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.80 मीटर, गेट क्रमांक 7 को 0.40 मीटर तथा गेट क्रमांक 8 को 0.20 मीटर तक खोला गया है। इन सभी गेटों की कुल ओपनिंग 2.0 मीटर है।

रेडियल गेटों के माध्यम से 11,613 क्यूसेक तथा पावर प्लांट हाइडल के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह मिनीमाता बांगो बांध से कुल 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।

जल संसाधन विभाग द्वारा बांध में पानी की आवक और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती, मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली ने यह जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी