माइंस प्रबंधन ने स्टेट हाईवे क्रमांक-25 की सड़क सुधार का काम करवाया, लाेगाें काे मिली राहत
कांकेर , 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के पखांजूर-कापसी क्षेत्र को आपस में जोड़ने वाली लाइफलाइन मानी जाने वाली स्टेट हाईवे क्रमांक-25 पर सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों काे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के कारण जगह जगह जर्जर हो चुकी इस सड़क के गड्ढों को भरने और आवागमन को सुचारू बनाने के लिए सूरजाधर माइंस प्रबंधन ने बीड़ा उठाया है।
सड़क के इस सबसे खराब हिस्से की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने माइंस प्रबंधन की इस पहल को सराहा है और उम्मीद जताई है कि पक्की सड़क बनने तक मेंटेनेंस की यह व्यवस्था इसी तरह बनी रहेगी।
मिली जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश की वजह से स्टेट हाईवे-25 पर कई स्थानों पर बड़े बड़े गड्ढे बन गए थे, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ गया था। माइंस प्रबंधन ने सामाजिक सरोकार दिखाते हुए पहले पी.वी. 39 के पास सड़क सुधार का काम कराया और अब पी.वी. 33 गांव के पास भी गिट्टी डालकर गड्ढों को समतल कर दिया है।
माइंस प्रबंधन के अधिकारियों का कहना है कि रोजाना इस मार्ग से सैकड़ों छात्र, कर्मचारी, मरीज और व्यापारी गुजरते है। बारिश के दौरान सड़क निर्माण का काम पूरा होना कठिन है, लेकिन जब तक मानसून खत्म नहीं होता और नई सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता तब तक आवश्यकतानुसार पेचवर्क और रिपेयरिंग का काम लगातार जारी रखा जाएगा ताकि आम लोगों को सफर में कोई परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे