खेलो इंडिया संवाद में गूंजा खेल, फिटनेस और युवा शक्ति का संदेश

 




धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं में खेल भावना,

फिटनेस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा

युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा

जिला प्रशासन धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल राव पवार शासकीय

पॉलिटेक्निक कॉलेज, रुद्री में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम माेदी के

साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने खेल,

फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व, नवाचार, कौशल और विकसित भारत के निर्माण में

युवा शक्ति की भूमिका पर सार्थक संवाद किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र

मोदी के देशभर के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद का सीधा

प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों और खिलाड़ियों के

अनुभवों ने युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

युवाओं ने खेल को केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम न मानकर स्वस्थ जीवनशैली,

व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम

बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक धमतरी रंजना साहू, जिला

सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, कलेक्टर अबिनाश

मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, भाजपा महिला

प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अनीता यादव तथा प्राचार्य अमित मिश्रा सहित जिला

प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद

रहे। रंजना साहू ने कहा कि खेल स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज की

आधारशिला है। युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हुए खेल

गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ

क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासों की

आवश्यकता बताई। निरंजन सिन्हा ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता,

आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खेल

के मैदान में सीखी प्रतिबद्धता और संघर्ष की भावना जीवन के हर क्षेत्र में

सफलता का आधार बनती है। पहलवान एवं कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण साहू ने अपने

अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन,

धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से

सीख लेकर लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया। अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी

आराध्य चोपड़ा ने भी अपनी खेल यात्रा साझा कर युवाओं को प्रेरित किया।

उन्होंने एशियन कप मकाऊ में कांस्य पदक, नेशनल गेम्स एवं सीनियर नेशनल में

स्वर्ण पदक तथा यूथ रैंकिंग में स्वर्ण पदक अर्जित कर जिले का गौरव बढ़ाया

है।

उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर

मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न

क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को अनुशासन, उत्कृष्ट कार्य,

निष्ठापूर्वक सेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट

सेवा पदक से सम्मानित होने पर सम्मानित किया गया। वहीं पहलवान एवं कुश्ती

प्रशिक्षक लक्ष्मण साहू को खेल अलंकरण ‘शहीद विनोद चौबे सम्मान’ से

सम्मानित किए जाने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले एवं राष्ट्रीय

स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभाशाली युवाओं एवं खिलाड़ियों

को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

युवाओं की रचनात्मक एवं

उद्यमशील क्षमता को मंच देने के लिए स्टार्टअप एवं स्किल प्रदर्शनी भी

लगाई गई, जिसमें विभिन्न स्टार्टअप्स एवं युवाओं ने अपने नवाचार, तकनीकी

कौशल और रचनात्मक कार्यों का प्रदर्शन किया। इससे विद्यार्थियों को खेल के

साथ नवाचार, उद्यमिता और कौशल विकास के अवसरों की जानकारी मिली। कार्यक्रम

के माध्यम से युवाओं को ‘फिट इंडिया, खेलो इंडिया और विकसित भारत’ की भावना

को आत्मसात करते हुए खेल एवं फिटनेस को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का

हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्रतिभा निखारने, अनुशासन

एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय

भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुंदन

साहू, श्रुति डोंगरे, प्रो. निरंजन कुमार, हेमप्रकाश वर्मा, लाजिम, एसके

गजेन्द्र, आरएन ध्रुव, सुनील वन्दे एवं गंगाशरण साहू सहित संबंधित

अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा