खाद, कृषि दवाई एवं बीज व्यापारियों ने समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा
धमतरी, 27 अप्रैल (हि.स.)।खाद एवं कृषि दवाई, बीज विक्रेता संघ धमतरी के सदस्य सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने खाद पर जबरन लिंकिंग पर प्रतिबंध, डीलर मार्जिन में वृद्धि और साथी पोर्टल में राहत सहित 12 सूत्री मांगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा।
संघ के अध्यक्ष अभय पारख, उपाध्यक्ष अमित राठी, यमित चंद्राकर ने बताया कि वर्तमान नीतियों के कारण कृषि आदान व्यापारियों को कई व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते 27 अप्रैल को पूरे देश के कृषि आदान व्यापारी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर हैं। उन्होंने मांग की कि खाद पर जबरन लिंकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। खाद की डिलीवरी डीलर के बिक्री केंद्र तक कंपनियों द्वारा निशुल्क सुनिश्चित की जाए। बढ़ती लागत और महंगाई को देखते हुए उर्वरकों पर डीलर मार्जिन को बढ़ाकर कम से कम आठ प्रतिशत करने की भी मांग उठाई गई। इसके साथ ही ग्रामीण खुदरा विक्रेताओं के लिए साथी पोर्टल को वैकल्पिक बनाया जाए और उसकी अनिवार्यता केवल निर्माताओं एवं थोक विक्रेताओं तक सीमित रखने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
जिले के कृषि आदान व्यापारियों ने अवैध बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, विक्रेता को साथी का दर्जा देने, पुराने एवं एक्सपायर्ड स्टाक को वापस लेने, रिटेल डीलर को प्रथम पक्ष बनाने के कठोर प्रावधान को शिथिल करने, शिकायतों पर कार्रवाई के पहले जिला स्तर पर समिति बनाने, निलंबित लाइसेंस की 21 दिन में बहाली, दोहरी लाइसेंस प्रथा बंद करने सहित 12 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा ।
इस दौरान संघ के संरक्षक विश्वनाथ चंद्राकर, सचिव संकेत पारख, दीपेश गांधी, सह सचिव सोहन गोलछा, सतीश नाहटा, ईश्वर देवांगन, धनीराम सोनकर, फुटकर विक्रेता संघ के अध्यक्ष रामेश्वर यादव सहित खाद एवं कृषि दवाई, बीज विक्रेता संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा