पेंशनर्स महासंघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर जिला शाखा रायगढ़ द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के माध्यम से आज बुधवार को ज्ञापन देते हुए केंद्र सरकार के समान राज्य के पेंशनरों को एक जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत मंहगाई राहत का आदेश एरियर सहित जारी किए जाने की मांग की गई है।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के जिलाध्यक्ष अभयशंकर गौरहा ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अपने पेंशनरों को जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई राहत स्वीकृत कर उसका लाभ प्रदान किया जा चुका है, किंतु छत्तीसगढ़ राज्य के पेंशनरों को आज तक 2 प्रतिशत डीआर का आदेश एरियर सहित जारी नहीं किया गया, जिससे राज्य के लाखों पेंशनरों में निराशा व्याप्त है। यह भी उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों के मध्य आपसी सहमति लेने देने की प्रक्रिया भी समाप्त हो चुकी है। जिससे एरियर सहित मंहगाई राहत के भुगतान में अब कोई बाधा शेष नहीं है। अतः जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत (डीआर) एरियर सहित तत्काल भुगतान का आदेश जारी कर राज्य के समस्त पेंशनरों के हित में सकारात्मक एवं त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध है ताकि राज्य के लाखों पेंशनरों को राहत एवं न्याय मिल सके।
ज्ञापन देने के दौरान प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रुप से प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुहास लांबट के साथ उपाध्यक्ष खुशीराम मेहर, केपी चौधरी, सचिव कमल नंदे, एससी तिवारी, वीरेंद्र वर्मा, केशर सिंह ठाकुर, दिलीप कुमार आदि सदस्यों का योगदान रहाl
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान