कोरबा शहर में 25 फरवरी से चलेगा स्वच्छता का महाअभियान
कोरबा, 24 फरवरी (हि. स.)। महापौर संजूदेवी राजपूत के मार्गदर्शन एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा निर्देशन में नगर पालिक निगम केारबा द्वारा 25 फरवरी से स्वच्छता का महाअभियान संचालित किया जाएगा, जो 14 अप्रैल तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्ड एवं बस्तियों में चलाया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः 07 बजे अभियान शुरू होगा, जो कार्य समाप्ति तक जारी रहेगा। व्यापक साफ-सफाई कार्यो के साथ-साथ इस दौरान सडक, फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने, स्ट्रीट लाईट की मरम्मत करने व जल आपूर्ति संबंधी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किए जाने का कार्य भी एक अभियान के रूप में संचालित होगा।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने मेगा स्वच्छता ड्राईव के संचालन हेतु निगम के वार्डवार नोडल अधिकारियों का दायित्व सौपा गया है, इसमें इस बात का ध्यान रखा गया है कि जोन कमिश्नरों या संबंधित अधिकारियों को उनके जोन का नोडल अधिकारी न बनाकर दूसरे जोन के वार्डो का नोडल अधिकारी बनाया जाए ताकि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन धरातलीय स्तर पर करें।
आयुक्त ने की आमजन से अपील
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि निगम द्वारा जिस दिन जिस वार्ड में स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए, वहॉं के नागरिकबंधु प्रातः 07 बजे से 10 बजे तक निगम के इस महाअभियान में शामिल होकर स्वच्छता कार्यो में अपनी सहभागिता प्रदान करें तथा अपने कोरबा शहर को साफ-सुथरा रखने में अपना सहयोग दें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी