जीजामगांव आईटीआई में शुरू हुआ मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड
धमतरी, 12 अगस्त (हि.स.)। बदलती तकनीक और हरित परिवहन की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप युवाओं को आधुनिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण देने की दिशा में नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का प्रथम बैच शुरू किया गया है।
यह संस्था का भी पहला प्रशिक्षण सत्र है। दो वर्षीय इस पाठ्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, बैटरी प्रबंधन प्रणाली, मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस सहित आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह ट्रेड वर्तमान में छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच शासकीय आईटीआई में संचालित है। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के साथ ई-व्हीकल कंपनियों, अधिकृत सर्विस सेंटर, चार्जिंग स्टेशन, बैटरी सेवा एवं निर्माण इकाइयों तथा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षित युवा स्वयं का सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी स्थापित कर सकेंगे।
जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने के बीच आधुनिक तकनीकी कौशल से स्थानीय युवाओं को तैयार करना महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवीन आईटीआई भवन के लिए जमीन चिन्हित की जा चुकी है, जिसका निरीक्षण कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पिछले माह किया था। जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय आईटीआई कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इस ट्रेड में प्रवेश लेने की अपील की है। आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई कुरूद से संपर्क किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुरूद विधानसभा क्षेत्र के करेली बड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण समारोह में जिले को 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी थी, जिसमें जीजामगांव में नवीन आईटीआई की स्थापना भी शामिल थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा