कबीर जयंती पर 29 जून को कोरबा में बंद रहेंगी मांस दुकानें, पशुवध पर भी रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
कोरबा, 24 जून (हि. स.)। कबीर जयंती के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा ने 29 जून को निगम क्षेत्र में संचालित सभी पशुवधगृहों और मांस विक्रय दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार उक्त तिथि पर किसी भी प्रकार का पशुवध नहीं किया जाएगा और न ही मांस का विक्रय किया जा सकेगा।
निगम प्रशासन ने बताया कि कबीर जयंती के विशेष अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सभी पशुवधगृह संचालकों और मांस विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 29 जून को यदि किसी दुकान में मांस का विक्रय करते हुए पाया जाता है, तो संबंधित मांस को जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही संबंधित दुकानदार या संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित व्यवसायियों से आदेश का पालन करने की अपील की है तथा कहा है कि आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निगरानी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी