दीपावली पर आज राजधानी रायपुर में मांस-मटन की दुकानें रहेंगी बंद, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

 

रायपुर 08 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर रायपुर नगर निगम ने बड़ा निर्णय लेते हुए आज रविवार को शहर में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में नगर निगम प्रशासन की ओर से बीते शनिवार काे आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, दीपावली के दिन राजधानी रायपुर में सभी मांस-मटन की दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही होटल एवं रेस्टोरेंट में भी नॉनवेज परोसने पर प्रतिबंध रहेगा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रतिबंध का सभी संबंधित दुकानदारों एवं होटल संचालकों को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि किसी दुकान, होटल अथवा रेस्टोरेंट में मांस-मटन की बिक्री या परोसने की शिकायत अथवा पुष्टि होती है तो संबंधित सामग्री जब्त की जाएगी। साथ ही दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने सभी मांस-मटन विक्रेताओं, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों से आदेश का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। दीपावली के मद्देनजर जारी इस आदेश का उद्देश्य पर्व के दौरान निर्धारित प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल