सरगुजा ओलंपिक 2026-27 : एमसीबी जिले में छाया खेलों का रोमांच, 16 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन

 


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के वनांचल और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित 'सरगुजा ओलंपिक 2026-27' को लेकर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शुरू किए गए इस महाअभियान के तहत जिले के तीनों विकासखंडों से अब तक कुल 16,129 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन दर्ज कराया है। इस खेल उत्सव की सबसे प्रेरक तस्वीर यह है कि पंजीयन के मामले में महिला खिलाड़ियों ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। कुल पंजीकृत खिलाड़ियों में 8,388 महिलाएं और 7,741 पुरुष शामिल हैं, यानी महिला प्रतिभागियों की संख्या पुरुषों से 647 अधिक है।

विकासखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो खड़गवां विकासखंड 8,007 खिलाड़ियों (3,950 पुरुष, 4,057 महिला) के साथ जिले में सबसे आगे रहा है। वहीं मनेंद्रगढ़ विकासखंड में 5,168 खिलाड़ियों (1,591 पुरुष, 3,577 महिला) ने पंजीयन कराया है। भरतपुर विकासखंड में कुल 2,954 खिलाड़ियों (2,200 पुरुष, 754 महिला) ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के प्रतिभावान युवाओं को एक सुदृढ़ और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, जिससे वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। तय कार्यक्रम के अनुसार, विकासखंड और जिला स्तरीय स्पर्धाएं सितंबर माह में और संभाग स्तरीय मुकाबले अक्टूबर माह में आयोजित किए जाएंगे।

इस महाकुंभ में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन जैसे प्रमुख खेलों के साथ एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। एथलेटिक्स के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस का आयोजन किया जाएगा। हॉकी व कुश्ती का मुकाबला सीधे जिला स्तर पर होगा, जबकि रस्साकशी को केवल सीनियर महिला वर्ग के लिए प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग (जूनियर) और बिना किसी आयु सीमा वाले सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन विभाग के पोर्टल (sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic) पर खुला है, जबकि ऑफलाइन फॉर्म जनपद पंचायत, बीईओ कार्यालय, नगरीय निकायों और जिला खेल अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। नियमों के मुताबिक, एक खिलाड़ी अधिकतम एक व्यक्तिगत और एक दलगत खेल में ही भाग ले सकता है। दलगत खेलों के सभी खिलाड़ियों के फॉर्म एक साथ जमा करना अनिवार्य है। सभी प्रतिभागियों को अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए वैध पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र, बैंक पासबुक या अन्य मान्य शासकीय दस्तावेज) प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह