एमसीबी ने रचा इतिहास : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में लक्ष्य हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के नेतृत्व में एमसीबी ने 95-95-95 राष्ट्रीय लक्ष्य में दर्ज की ऐतिहासिक उपलब्धि

एमसीबी, 07 अगस्त (हि.स.)। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीयस्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी नेतृत्व में जिले ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 95-95-95 राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। इस उपलब्धि के साथ एमसीबी छत्तीसगढ़ का पहला जिला बन गया है, जिसने इस चुनौतीपूर्ण राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले ने एचआईवी संक्रमित संभावित व्यक्तियों की समय पर पहचान एवं जांच कर प्रथम 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया। इसके बाद संक्रमित मरीजों को तत्काल एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) से जोड़ते हुए दूसरा 95 प्रतिशत लक्ष्य भी हासिल किया। वहीं, वायरल लोड सप्रेशन के मामले में जिले ने 99 प्रतिशत लक्ष्य के मुकाबले 98 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विभाग के मुताबिक, इस उपलब्धि में जिला नोडल अधिकारी डॉ. मो. वसीक अस्दक एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल के निर्देशन में संचालित एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर (आईसीटीसी) की काउंसलर श्रीमती निशा सिंह और श्री विजेंद्र खटकर ने मरीजों की काउंसलिंग, नियमित फॉलोअप तथा उपचार से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिशा टीम, आईसीटीसी, एआरटी केंद्र, विशेषज्ञ चिकित्सकों, लैब तकनीशियनों तथा अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों से जिले को यह सफलता मिली है।

जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, काउंसलरों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी एचआईवी की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल