कोरबा: पानी की बर्बादी रोकने और टुल्लू पम्प न लगाने की महापौर की अपील, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी
कोरबा, 23 अप्रैल (हि. स.)। शहर में बढ़ती गर्मी और जल संकट की आशंका को देखते हुए महापौर संजूदेवी राजपूत ने गुरुवार काे नागरिकों से पानी की बचत करने और नल कनेक्शन में टुल्लू पम्प न लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है, इसलिए इसका उपयोग सोच-समझकर करें और इसे व्यर्थ न बहने दें।
महापौर ने स्पष्ट रूप से कहा कि कई लोगों द्वारा घरों के नल कनेक्शन में टुल्लू पम्प लगाकर पानी खींचा जा रहा है, जिससे आसपास के घरों और अंतिम छोर तक स्थित मकानों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे जल दबाव कम हो जाता है और कई परिवारों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पाता। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और टुल्लू पम्प लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि घरों में पानी भरने के बाद नलों को तुरंत बंद करें और छत पर रखी पानी की टंकियों में स्टॉपर अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि पानी ओवरफ्लो होकर व्यर्थ न बहे। महापौर ने यह भी कहा कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रतिदिन दोनों समय नियमित जल आपूर्ति की जा रही है, जिससे किसी भी नागरिक को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अंत में पुनः अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक जल संरक्षण में सहयोग करें, टुल्लू पम्प का उपयोग न करें और शहर में सुचारु जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने में निगम का साथ दें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी