मातृत्व के दौरान नेहा के लिए सहारा बनी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना

 




बलरामपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिले की निवासी नेहा गुप्ता को मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता मिली, जिससे बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में उन्हें मदद मिली।

नेहा गुप्ता को पहली संतान के जन्म पर 5 हजार रुपये तथा दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपये की सहायता राशि मिली। इस तरह उन्हें कुल 11 हजार रुपये का लाभ प्राप्त हुआ। नेहा ने बताया कि उन्होंने इस राशि का उपयोग बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और स्वयं की देखभाल में किया। इससे परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ।

उन्होंने योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्भवती और धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल में मदद मिल रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जिले में माताओं और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक साबित हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय