घुड़देवा खदान 3/4 डकैती और केबल चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल जब्त

 


कोरबा, 2 अक्टूबर (हि. स.)। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की घुड़देवा खदान 3/4 में हुई डकैती और केबल चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित घुड़देवा खदान और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में संलिप्त रहा है। मामले में आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

घटना के संबंध में थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटना में शामिल आरोपिताें की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। प्रकरण में पूर्व में तीन बालिग आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सात विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।

जांच के दौरान पुलिस को मामले के मुख्य मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपित के कब्जे से केबल तार काटने में इस्तेमाल किया जाने वाला हथियार और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस ने जब्त सामान को प्रकरण की जांच में शामिल करते हुए आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद धरम सिंह राजपूत को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि घुड़देवा खदान क्षेत्र में चोरी, डकैती और लूट जैसी घटनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संभावित संलिप्तता और घटनाओं से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी