कौही में स्वयंभू शिवलिंग का 24 अगस्त को होगा विशाल जलाभिषेक, शिवभक्तों ने पूरी की तैयारियां
धमतरी, 23 अगस्त (हि.स.)। धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र ग्राम कौही (रानीतराई) स्थित स्वयंभू भगवान शिव के मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को हजारों शिवभक्तों का सैलाब उमड़ने की संभावना है।
इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद मानव श्रृंखला बनाकर खारून नदी की पावन धारा से जल लाकर भगवान शिव के स्वयंभू शिवलिंग का रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाएगा। विशाल आयोजन को लेकर शिवभक्तों और आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुरूद विकासखंड के ग्राम सेमरा बी तथा पाटन विकासखंड के अंतिम छोर पर धमतरी-दुर्ग जिले की विभाजक रेखा खारून नदी के पावन तट पर बसे ग्राम कौही का यह प्राचीन शिव मंदिर पूरे सावन माह श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा। सावन के अंतिम सोमवार को यहां विशेष धार्मिक आयोजन के साथ भक्तों का विशाल मेला भी लगेगा।
श्री हनुमान महाकाली मंदिर परिसर, विहिप इकाई, ग्राम पंचायत कौही, अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार, बजरंग दल तथा बोलबम सेवा समिति सिलघट, सुपेला, सेमरा एवं सिलतरा के संयुक्त तत्वावधान में वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विशाल रुद्राभिषेक और महाप्रसादी भोग-भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बोलबम कांवरिये और शिवभक्त शामिल होंगे। आयोजन की शुरुआत सुबह 9 बजे शिव महापुराण पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद महिला-पुरुष श्रद्धालु और स्कूली बच्चे हाथों में बाल्टियां लेकर करीब आधा किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाएंगे और खारून नदी से पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालु बेलपत्र, अक्षत, पुष्प, श्रीफल और चंदन अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक करेंगे। आयोजन में शिवभक्तों के साथ अनेक जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और महाप्रसादी भोग-भंडारे को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं मंदिर परिसर एवं शिवभक्तों द्वारा पूरी कर ली गई हैं। सावन के अंतिम सोमवार पर होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा