सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में वृहद स्वास्थ्य व महारक्तदान शिविर आयोजित
कोरबा, 23 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्ति पीठ में आज बुधवार को वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, टीबी स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में आयोजित महारक्तदान अभियान में कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित कुल 28 लोगों ने स्वस्फूर्त रूप से रक्तदान किया। कलेक्टर ने स्वयं रक्तदान कर आम नागरिकों को भी इस मानवीय पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर का अवलोकन कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में एक ही परिसर में नागरिकों को कई प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ओपीडी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच और टीबी स्क्रीनिंग के साथ आयुष्मान कार्ड संबंधी सेवाएं भी प्रदान की गईं। जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और विभागीय कर्मचारियों ने लोगों को बीमारी की समय पर पहचान, उपचार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी।
आयुष विभाग द्वारा भी ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। नागरिकों को पंचकर्म, योग एवं आयुष पद्धति से संबंधित जानकारी दी गई तथा योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण भी किया गया। नागरिकों ने आयुष सेवाओं के संबंध में जानकारी लेकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में अंगदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया। यहां नागरिकों को अंगदान और नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी गई तथा उन्हें इसके लिए संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने नेत्रदान तथा काउंसलर वीणा मिस्त्री ने अंगदान का संकल्प लेकर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले तथा अंगदान के लिए संकल्प लेने वाले लोगों को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने शिविर में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सहज और महत्वपूर्ण माध्यम है। लोगों की जागरूक भागीदारी से ऐसे सेवा अभियानों को निरंतर गति मिलती है। उन्होंने आम नागरिकों से शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला मानवीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। पात्र लोगों को आगे आकर रक्तदान के इस अभियान में सहभागिता करनी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के साथ रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेडक्रॉस नियमावली पुस्तक का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के माध्यम से रेडक्रॉस की गतिविधियों, सेवा भावना और मानवीय सहायता से संबंधित जानकारी को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई।
शिविर के सफल आयोजन में माय भारत वॉलंटियर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने नागरिकों को विभिन्न स्टॉल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सहयोग दिया तथा शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में योगदान दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से साइबर जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई। नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर स्वास्थ्य सेवा, जनजागरूकता और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता और 28 लोगों द्वारा किए गए स्वैच्छिक रक्तदान ने अभियान के मानवीय उद्देश्य को मजबूत किया।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी