अकलतरा में देर रात दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस ने 14 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बचाई जान
जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त (हि. स.)। अकलतरा थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक कपड़ा दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 2:30 बजे अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास की है।
गश्त कर रही अकलतरा पुलिस ने समय रहते दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं। पुलिस की तत्परता से आग में फंसे 5 परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस रेस्क्यू में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष समेत कुल 14 लोग शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, अकलतरा पुलिस का गश्ती दल रात करीब 2:30 बजे अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचा था। इसी दौरान नीरज कलेक्शंस नामक कपड़ा दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। पुलिस ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। पूछताछ में पता चला कि दुकान के प्रथम तल पर कई परिवार रह रहे हैं और आग के कारण उनके अंदर फंसे होने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों पर भी आग की तेज लपटें फैल चुकी थीं, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई। इसके माध्यम से प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
लोगों को बाहर निकालने के बाद आग पर काबू पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को तत्काल मौके पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों और पुलिस की टीम ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से भी रोक लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़े स्तर पर संपत्ति के नुकसान के साथ जनहानि की भी आशंका थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में अहम योगदान दिया।
घटना के बाद रेस्क्यू किए गए परिवारों और स्थानीय लोगों ने अकलतरा पुलिस की तत्परता, सजगता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस की समय पर कार्रवाई से अकलतरा में एक बड़ी आगजनी और संभावित जनहानि टल गई।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT