कोरबा: कलिंगा कंपनी के डंपर में लगी भीषण आग, दाे करोड़ का वाहन जलकर खाक; चालक ने कूदकर बचाई जान
कोरबा, 7 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल दीपका कोयला खदान के भीतर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान में काम कर रहे कलिंगा कंपनी के एक डंपर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और करीब दाे करोड़ रुपये कीमत का डंपर कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान चालक ने समय रहते डंपर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, कलिंगा कंपनी का डंपर एसईसीएल दीपका कोयला खदान के भीतर काम कर रहा था। इसी दौरान इंजन के पास अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में डंपर का पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग लगने की सूचना मिलते ही खदान में मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही मिनटों में डंपर पूरी तरह जल गया। घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कलिंगा कंपनी में पहले भी वाहनों से जुड़े हादसे सामने आते रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि खदान में भारी मशीनरी और डंपरों का संचालन होता है, ऐसे में वाहनों की नियमित जांच और बेहतर मेंटेनेंस बेहद जरूरी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कंपनी के वाहनों में आग लगने और दुर्घटनाओं की घटनाएं हो चुकी हैं। आरोप लगाया गया है कि कई मामलों में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को वजह बताकर मामला खत्म कर दिया जाता है। कर्मचारियों ने वाहनों की तकनीकी जांच, नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की है।
घटना की सूचना एसईसीएल और कलिंगा कंपनी के अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल डंपर में आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इंजन के पास से चिंगारी उठने की बात सामने आई है, हालांकि आग लगने की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी