कोरबा में टायर दुकान में लगी भीषण आग, धू-धूकर जले टायर; एक लाख रुपये तक का नुकसान

 




कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार तड़के एक टायर दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर दुकान के बाहर रखे टायर धू-धूकर जलने लगे। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। आगजनी का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक की है। यहां मो. नौशाद की अब्दुल्ला टायर दुकान संचालित है। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टायर जलने लगे।

सीएसईबी चौकी प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान संचालक के मुताबिक करीब 80 हजार से एक लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।

दुकान संचालक ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान के बाहर रखे टायरों को भीषण आग की लपटों में जलते हुए देखा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी