जांजगीर-नैला में अक्षय तृतीया पर होगा सामूहिक उपनयन संस्कार, तैयारियां तेज
जांजगीर-चांपा, 19 मार्च (हि. स.)। आगामी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जांजगीर-नैला में सामूहिक उपनयन संस्कार का भव्य आयोजन किया जाएगा। ब्राम्हण नारी नव चेतना मंच के तत्वावधान में 20 अप्रैल को नैला स्थित अग्रसेन भवन में यह धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं और क्षेत्र के ब्राह्मण समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि उपनयन संस्कार हिंदू धर्म के सोलह प्रमुख संस्कारों में से एक है, जिसे बालकों के जीवन में आध्यात्मिक एवं शैक्षणिक शुरुआत के रूप में महत्वपूर्ण माना जाता है। इस सामूहिक आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करना और अधिक से अधिक परिवारों को इस पावन संस्कार से जोड़ना है। मंच द्वारा हर वर्ष अक्षय तृतीया के अवसर पर इस कार्यक्रम का वृहद स्तर पर आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ योग्य आचार्यों द्वारा विधि-विधान से यज्ञोपवीत (जनेऊ) धारण कराया जाएगा। साथ ही बच्चों को संस्कार, शिक्षा और अनुशासन के महत्व के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, इस सामूहिक उपनयन संस्कार में भाग लेने के इच्छुक परिवारों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभिभावक मंच के सदस्यों से संपर्क कर अपने बच्चों का पंजीयन करा सकते हैं, ताकि वे इस धार्मिक आयोजन का लाभ ले सकें।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
मंच ने क्षेत्र के सभी समाजजनों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT